वेदपाल - चंडीगढ़, 08 दिसम्बर। कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों की ओर से भारत बंद का हरियाणा में व्यापक असर देखने को मिला। दोपहर तक व्यापारिक प्रतिष्ठान व बाजार पूरी तरह बंद रहे। यही नहीं मंडियों में भी खरीद कार्य ठप्प रहा और पेट्रोल पंप मालिकों ने पंपों को बंद कर किसान आंदोलन का समर्थन किया। रोडवेज यूनियनों की ओर से भी किसानों के समर्थन में चक्का जाम रखा गया। प्रदेश की तमाम बार एसोसिएशन ने किसान आंदोलन के समर्थन में एक दिन का वर्क सस्पेंड रखा।इस बीच सिंघु बार्डर पर धरनारत एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वहीं हिसार के मय्यड़ में धरने पर बैठे किसानों ने सरकार में सहयोगी जजपा की गाड़ी को रोका और पार्टी झंडे में आग लगा दी।
मंगलवार को हरियाणा में भारत बंद पूरा असरदार रहा। सुबह से लेकर दोपहर तक तमाम बाजार व मार्केट पेट्रोल पंप भी पूरी तरह बंद रहे। अनाज मंडियों में भी खरीद का कार्य पूर्ण रूप से ठप्प रहा। पंचकूला के पिंजौर में बंद पूरा असरदार रहा। दुकानदारों ने किसानों के समर्थन में अपनी दुकानें बंद रखी। चरखी-दादरी व बाढड़ा के बाज़ार पूर्ण रूप से बंद रहे। हिसार में बंद का पूरा असर दिखाई दिया। किसानों का समर्थन करते हुए हिसार व सिरसा में पेट्रोल पंप मालिकों ने पंपों को बंद रखा और किसी वाहन में डीजल व पेट्रोल नहीं भरा। सीएम सिटी करनाल में भी बंद पूरा असरदार रहा। हालांकि एनसीआर के गुरुग्राम व फरीदाबाद में भारत बंद का मिजाजुला असर रहा।
भारत बंद को सफल बनाने के लिए किसान सड़कों पर उतर आए। राजनीतिक दलों के साथ किसानों ने बाजारों में दुकानदारों से दुकानें बंद रखने की अपील की। मगर कैथल जिले के कलायत में किसानों ने चंडीगढ़-हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिस्तर लगा लिया। किसानों ने दो टूक कहा कि किसान आंदोलन से दूरी बनाने वाले राजनेताओं की गांव में एंट्री बंद की जाएगी। इतना ही नहीं यदि जरूरत पड़ी तो वे हाईवे पर बीचोंबीच झोपड़ी बनाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। इसके साथ ही कर्मचारी संगठनों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि भारत बंद को विफल बनाने के लिए उनके नेताओं को नजर बंद किया गया है।
यहां किसानों ने किया जाम
कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने फ़तेहाबाद के गांव भोडिया खेड़ा के पास जाम कर विरोध जताया। वहीं हिसार में चंडीगढ़ हाईवे, सुरेवाला चौक, राजगढ़ हाईवे, बालसमंद रोड पर किसानों ने जाम लगाया। गुहला-चीका में किसानों ने शहीद उधम सिंह चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। कुरुक्षेत्र में किसानों ने कृषि कानूनों के विरोध में मोटरसाइकिल रैली निकाली और बिरला मंदिर चौक पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। जींद के गांव धनाना में किसानों ने जींद मार्ग पर जाम लगाया।
हिसार में सरसोद-बिचपड़ी एनएच-52 पर किसानों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया। जिससे सैंकड़ों वाहन फंस गए। सोनीपत में राई के पास दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे को किसानों ने बंद कर दिया। हिसार में ही किसानों ने मय्यड़ टोल प्लाजा एनएच-9 पर दोनों तरफ जाम लगा दिया। इस दौरान किसानों ने गठबंधन सरकार की सहयोगी जजपा की गाड़ी को रोका और जजपा की झंडी को आग लगा दी।
कर्मचारी संगठनों ने लगाया आरोप
हरियाणा के कर्मचारी संगठनों ने आरोप लगाया कि भारत बंद को विफल बनाने के लिए पुलिस ने सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री, फरीदाबाद जिला सचिव बलबीर सिंह बालगुहेर के घरों पर पुलिस ने छापे मारे। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व आल हरियाणा पावर कारपोरेशनज वर्कर यूनियन के उप प्रधान सतपाल नरवत को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया। वहीं रोडवेज कर्मचारियों ने किसानों के समर्थन में दादरी बस अड्डे को बंद कर दिया। पानीपत में हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन ने गेट मीटिंग कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
सिंघु बार्डर पर धरनारत किसान की मौत
केंद्रीय कृषि कानूनों को रद्द कराने के लिए सिंघु बार्डर पर किसानों की मोर्चाबंदी मंगलवार को 13वें दिन भी जारी रही। सिंघु बार्डर पर धरने पर बैठे एक किसान अजय मोर (32 वर्ष) पुत्र ईश्वर मोर निवासी बरोदा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने मौत का कारण ठंड लगना बताया है, लेकिन मौत की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
महम विधायक ने 2 लाख देने का किया ऐलान
महम के निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने हरियाणा की भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार से मांग की है कि किसान आंदोलन में शहीद होने वाले सभी किसानों के आश्रित परिवारों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
किसानों का भारत बंद रहा सफल: हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि किसानों का भारत बंद का आह्वान सफल रहा, हमारे पास रिपोर्ट है। हुड्डा ने कहा कि आज किसानों की जो स्थिति बनी है उसके लिए हरियाणा सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने किसानों पर वाटर कैनन व आंसू गैस का इस्तेमाल करने की निंदा की और कहा कि वे किसानों के समर्थन में खड़े हैं। हुड्डा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर निशाना साधा कि मुख्यमंत्री ने देश के किसानों की बेइज्जती की है। जजपा के करीब 7 विधायक किसानों के समर्थन में आ चुके हैं, इसलिए वे विधानसभा का विशेष और आपातकाल सत्र बुलाने की मांग कर रहे हैं।
ताज़ातरीन ख़बरें पढ़ने के लिए आप वतन समाचार की वेबसाइट पर जा सक हैं :
https://www.watansamachar.com/
उर्दू ख़बरों के लिए वतन समाचार उर्दू पर लॉगिन करें :
http://urdu.watansamachar.com/
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करना न भूलें :
https://www.youtube.com/c/WatanSamachar
ज़माने के साथ चलिए, अब पाइए लेटेस्ट ख़बरें और वीडियो अपने फ़ोन पर :
आप हमसे सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं- ट्विटर :
https://twitter.com/WatanSamachar?s=20
फ़ेसबुक :
यदि आपको यह रिपोर्ट पसंद आई हो तो आप इसे आगे शेयर करें। हमारी पत्रकारिता को आपके सहयोग की जरूरत है, ताकि हम बिना रुके बिना थके, बिना झुके संवैधानिक मूल्यों को आप तक पहुंचाते रहें।
Support Watan Samachar
100 300 500 2100 Donate now
Enter your email address to subscribe and receive notifications of latest News by email.