नई दिल्ली, 20 दिसंबर: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि आम आदमी पार्टी 22 दिसंबर को सभी 272 वार्डों में पदयात्रा निकालेगी और भाजपा शासित एमसीडी में हुए 2500 करोड़ रुपए के घोटाले को एक जनांदोलन बनाएगी। 'आप' कार्यकर्ता दिल्ली के सभी वार्डों में जनसंपर्क कर एमसीडी में किए गए भाजपा के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करेंगे और इनके कुकर्मों को दिल्ली वालों के सामने रखेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा जब एमसीडी में कोई घोटाला नहीं होने का दावा कर रही है, तो उसे सीबीआई जांच से डर क्यों लग रहा है? वहीं, 'आप' विधायक विनय मिश्रा ने द्वारका एरिया में एक अवैध चप्पल फैक्ट्री में आग लगने से दो मासूम बच्चों की मौत पर भाजपा नेताओं को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के सह पर चल रही अवैध फैक्ट्री व निर्माण स्थलों पर रोजाना हादसे हो रहे हैं। दो दिन पहले द्वारका एरिया में अवैध चप्पल फैक्ट्री में आग लगने से दो मासूम बच्चों की मौत इसका उदाहरण है। दुर्गेश पाठक ने कहा कि 'आप' इस अग्निकांड मामले में स्थानीय पुलिस से शिकायत कर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेगी।
पार्टी मुख्यालय में आज आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक और द्वारका से 'आप' विधायक विनय मिश्रा ने संयुक्त प्रेसवार्ता को संबोधित किया। दुर्गेश पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एमसीडी के अंदर ढाई हजार करोड रुपए का घोटाला किया है। यह ढाई हजार करोड़ रुपये जनता के पैसे थे और दिल्ली वालों के पैसे थे। दिल्ली की जनता ने टैक्स के रूप में ये रुपए एमसीडी को दिए थे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने 2500 करोड रुपए का घोटाला किया है। पूरे भ्रष्टाचार के बारे में पिछले हफ्ते जब उत्तरी एमसीडी, दक्षिणी एमसीडी और पूर्वी एमसीडी का बजट आया, तो उसके दस्तावेजों से इसका पता चला। इस भ्रष्टाचार की सीबीआई जांच कराने के लिए आम आदमी पार्टी सड़क से लेकर विधानसभा तक संघर्ष कर रही है। कुछ दिन पहले हमारे पांच विधायक राघव चड्ढा, कुलदीप, ऋतुराज, संजीव और राजेश गुप्ता, अमित शाह जी से मिलने जा रहे थे। उन से निवेदन कर रहे थे कि इस पूरे मामले की जांच कराई जाए, लेकिन उनको उनके घर के अंदर ही नजर बंद कर दिया गया। वहां से उठा कर उनको थाने में डाला गया।
दुर्गेश पाठक ने कहा कि कालकाजी से विधायक आतिशी हमारे तीनों एमसीडी के नेता प्रतिपक्ष के साथ राज्यपाल से मिलने जा रही थीं। उन्हें उपराज्यपाल से मिलने ही नहीं दिया गया, बल्कि वहां उनको बर्बरता पूर्वक घसीटा गया। पुलिस ने बहुत बर्बरता पूर्वक घसीटकर जेल में डाल दिया। हमने विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया। जब विधानसभा सत्र में हमने सीबीआई जांच की मांग का प्रस्ताव रखा, तो भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने पूरे प्रस्ताव का विरोध किया। आम आदमी पार्टी ये पूछना चाहती है कि जब आप कहते हैं कि इसमें कोई भ्रष्टाचार नहीं है, तो जांच से किस बात का डर लगता है।
दुर्गेश पाठक ने कहा कि अब इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी भाजपा शासित एमसीडी में हुए 2500 करोड़ के घोटाले को एक जन आंदोलन बनाएगी। आम आदमी पार्टी मंगलवार (22 दिसंबर) को दिल्ली के सभी 272 वार्डों के अंदर एक बहुत सघन पदयात्रा निकलेगी। हमारे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता उन वार्डों के अंदर जनसंपर्क करेंगे। जनसंपर्क के माध्यम से दिल्ली की जनता को भारतीय जनता पार्टी के कुकर्मों और ढ़ाई हजार करोड़ रुपए के घोटाले के बारे में बताएंगे। भारतीय जनता पार्टी ने जो घोटाला किया है, वो कर्मचारियों के वेतन था। इस पैसे से सफाई कर्मचारियों को टीए-डीए बोनस मिल सकता था। डॉक्टरों को तनख्वाह मिल सकती थी। भारतीय जनता पार्टी के नेता उनका पैसा पूरी तरह से खा गए। इसको लेकर परसों मंगलवार को दिल्ली के सभी 272 वार्डों के अंदर आम आदमी पार्टी जनसंपर्क का कार्यक्रम करेगी और पद यात्रा निकालेगी। दिल्ली के एक-एक घर में जाकर भारतीय जनता पार्टी को बेनकाब करेंगी। भारतीय जनता पार्टी के कुकर्म को दिल्ली की जनता के सामने लेकर आएगी।
वही प्रेस वार्ता में मौजूद आम आदमी पार्टी के द्वारका से विधायक विनय मिश्रा ने द्वारका एरिया में स्थित एक अवैध चप्पल फैक्ट्री में दो दिन पहले आग लगने से दो मासूम बच्चों की मौत के मामले को उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी को घेरा। विधायक विनय मिश्रा ने कहा कि जिस द्वारका विधानसभा से मैं चुनकर आता हूं, वहां सागरपुर के दयाल पार्क क्षेत्र में दो दिन पहले अवैध फैक्ट्री में आग लग गई। फैक्ट्री में चप्पल बनती थी। उस फैक्ट्री में आग लग गई और दो मासूमों की मौत हो गई। इनमें एक बच्चा 4 साल का और दूसरा 5 साल का था। हम लोगों ने कल उनका दाह संस्कार करवाया। यह घटना सिर्फ द्वारका में नहीं देखोगे। आप अखबार खोल कर देखिए, तो रोजाना किसी न किसी क्षेत्र में आपको इस तरह की घटना मिलेंगी। आज आपने पढ़ा होगा कि कल ख्याला में छज्जा गिरने से मौत हो गई। इस तरह के अवैध फैक्ट्री इनके नेताओं के भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई हैं।
उन्होंने कहा कि एमसीडी को एमसी मेहता वर्सेस गवर्नमेंट ऑफ इंडिया के केस से अवैध काम करने का लाइसेंस मिल चुका है। उस लाइसेंस के पेपर को किसी भी क्षेत्र में लेकर घूमेंगे। इसके अलावा मुख्यालय से स्टेप 3 एक ऐसा आदेश को मिला हुआ है कि उस पेपर को लेकर किसी भी फैक्ट्री में चले जाते हैं। वहां भाजपा के जो निगम पार्षद हैं, उनसे मिलीभगत कर पिक एंड चूज करते हैं। उस आदेश को दिखाएंगे और जिस फैक्ट्री में इनकी सांठगांठ और पैसा मिल जाता है, उस फैक्ट्री को छोड़ देते हैं। जिस फैक्ट्री से सांठगांठ नहीं होती और पैसा नहीं मिलता उसको सील कर देते हैं। दिल्ली में आज अवैध फैक्ट्री बोलबाला हो गया है। आप देखेंगे कि रिहायशी क्षेत्रों में अवैध फैक्ट्रियां चल रही हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री आज रिहायशी क्षेत्रों में लोगों को सुविधा देने की बात करते हैं। वहां पर एमसीडी जितना भी संभव होता है, उतना अवैध निर्माण और अवैध फैक्ट्री के संचालन में मदद करती है। भाजपा के जितने भी पार्षद हैं, सब मिलीभगत से भ्रष्टाचार कर रहे हैं। दिल्ली में एमसीडी आकंठ भ्रष्टाचार में डूब चुकी है। ये लोग भ्रष्टाचार की सारी पराकाष्ठा पार कर चुके हैं। दिल्ली में कोई भ्रष्टाचार होता है, तो सबसे पहले नाम एमसीडी का आता है। स्टेप 3 के नाम पर लोगों को डरा धमाकाकर किसी भी फैक्ट्री में घुस जाते हैं। कागज ऐसा लाइसेंस है कि उसको दिखा कर कोई भी फैक्ट्री वाला डर जाता है। पूरी दिल्ली में अवैध चीजें चल रही हैं।
विधायक विनय मिश्रा ने कहा कि मैं मांग करता हूं कि इस तरह की अवैध फैक्ट्रियों की जांच हो। इस तरह की फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा गया। भाजपा सिर्फ कमाई कर रही है, उसे अब लोगों के जानमाल की भी चिंता नहीं है। आज इनकी अनदेखी इस तरह से हो रही है कि रोजाना दिल्ली में हादसे हो रहे हैं और रोजाना लोगों की दर्दनाक मौत हो रही है। इनको लिए पैसा सबसे बड़ा हो गया और लोगों की जान माल से कोई मतलब नहीं रह गया। इनके पार्षद सिर्फ और सिर्फ पैसा कमा रहे हैं। एक साल बाद चुनाव हैं और इनको लग रहा है कि टिकट नहीं मिलेगी। ऐसे में जितना भी हो सकता है, पैसा कमा रहे हैं। मैं अपील करना चाहता हूं कि आप भी इंसान हैं, भगवान ने आपको इंसान बना कर भेजा है। कम से कम लोगों की जान की परवाह तो करो। इस तरह से मत कीजिए, लोगों की जान आपके लिए मजाक बन गई है।
वहीं, दुर्गेश पाठक ने फैक्ट्री में आग लगने और दो मासूमों की मौत पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी की एमसीडी और भाजपा के नेताओं के भ्रष्टाचार कारण दो दिन पहले वहां पर दो मासूम बच्चों की जान चली गई। यह तो बस एक घटना है। इस तरह की घटनाएं पूरी दिल्ली के अंदर आए दिन होती रहती हैं। उसका एक ही कारण है, भारतीय जनता पार्टी के जो नेता हैं, वो पैसा खाने से और भ्रष्टाचार करने से बाज नहीं आ रहे हैं। इस मामले को लेकर हम लोग द्वारका में पुलिस को भी एक शिकायत देंगे। इस पूरे मामले की जांच की मांग करेंगे और जो भी दोषी हैं, उन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की की मांग करेंगे।
ताज़ातरीन ख़बरें पढ़ने के लिए आप वतन समाचार की वेबसाइट पर जा सक हैं :
https://www.watansamachar.com/
उर्दू ख़बरों के लिए वतन समाचार उर्दू पर लॉगिन करें :
http://urdu.watansamachar.com/
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करना न भूलें :
https://www.youtube.com/c/WatanSamachar
ज़माने के साथ चलिए, अब पाइए लेटेस्ट ख़बरें और वीडियो अपने फ़ोन पर :
आप हमसे सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं- ट्विटर :
https://twitter.com/WatanSamachar?s=20
फ़ेसबुक :
यदि आपको यह रिपोर्ट पसंद आई हो तो आप इसे आगे शेयर करें। हमारी पत्रकारिता को आपके सहयोग की जरूरत है, ताकि हम बिना रुके बिना थके, बिना झुके संवैधानिक मूल्यों को आप तक पहुंचाते रहें।
Support Watan Samachar
100 300 500 2100 Donate now
Enter your email address to subscribe and receive notifications of latest News by email.