नई दिल्ली, 10 दिसंबर, 2020: दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गैर मौजूदगी में उनके घर पर आज हुए हमले पर आम आदमी पार्टी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की कड़ी निंदा की। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री की दिल्ली पुलिस के संरक्षण में भाजपा के गुंडों ने उपमुख्यमंत्री की गैर मौजूदगी में उनके घर पर हमला किया। केंद्रीय गृहमंत्री दिल्ली के चुने हुए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के परिवार वालों की हत्या कराने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को भाजपा के गुंडों के आने की जानकारी थी और पुलिस ने जानबूझ कर बैरिकेट हटाकर उन्हें गेट तोड़ कर डिप्टी सीएम के घर के अंदर जाने दिया। वहीं, ‘आप’ विधायक आतिशी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री के घर पर हुआ हमला यह सत्यापित करता है कि ‘आप’ नेताओं और सीएम अरविंद केजरीवाल पर पूर्व में हुए सभी हमले भी केंद्रीय गृहमंत्री ने करवाए थे। दिल्ली के राजनीतिक इतिहास में आज एक काला दिन है। दिल्ली वाले सब देख रहे हैं और विधानसभा चुनाव की तरह ही आगामी एमसीडी चुनाव में भी भाजपा को हराएंगे।
पार्टी मुख्यालय में हुई एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी पर कई बार हमले हुए और उन हमलों के संबंध में भाजपा की ओर से हमेशा यह बयान आया कि दिल्ली की जनता इनसे नाराज है, इसलिए इस प्रकार के हमले हो रहे हैं। परंतु सही मायने में भारतीय जनता पार्टी की अराजकता इस कदर बढ़ गई है कि एक तरफ तो दिल्ली का चुना हुआ मुख्यमंत्री अपने ही घर में हाउस अरेस्ट कर लिया जाता है और दूसरी ओर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री की गैरमौजूदगी में उनके घर पर भाजपा के गुंडों द्वारा हमला किया जाता है और यह हमला ऐसे वक्त में किया जाता है, जब घर में केवल महिलाएं और बच्चे मौजूद थे।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में सबसे गंभीर बात यह है कि इस हमले में दिल्ली की पुलिस जो कि दिल्ली के गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के अधीन आती है, वह भी शामिल नजर आ रही है। इस घटना को देखते हुए ऐसा प्रतीत होता है कि केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के बड़े नेता अमित शाह जी जिनका खुद का इतिहास बेहद ही खराब रहा है, आज एक षड्यंत्र के तहत दिल्ली के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के परिवार की हत्या कराना चाहते हैं। जिस प्रकार का हमला भाजपा के गुंडों द्वारा आज उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जी के घर पर किया गया, मुझे लगता है कि इस प्रकार का अराजक रवैया आज तक किसी भी पार्टी के लोगों ने दूसरी पार्टी के नेताओं के प्रति नहीं दिखाया है। इस प्रकार के प्रदर्शन किसी के घर पर नहीं, बल्कि कार्यालय पर किए जाते हैं और यदि घर पर प्रदर्शन किया भी जाए, तो उस स्थिति में किया जाता है, जब संबंधित व्यक्ति अपने घर पर मौजूद हो। दिल्ली पुलिस पर बड़ा आरोप लगाते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली पुलिस की जानकारी में और दिल्ली पुलिस के संरक्षण में इस पूरी घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस को पहले से ही मालूम था कि आज भाजपा के गुंडे उपमुख्यमंत्री के घर पर हमला करने आ रहे हैं। पुलिस ने जानबूझ कर घर के बाहर लगे बैरिकेट्स को हटाया, भाजपा के गुंडों को घर का गेट तोड़ने दिया और घर में घुसकर आतंक मचाने दिया।
प्रेस वार्ता में मौजूद आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी ने कहा कि दिल्ली के राजनीतिक इतिहास में ऐसी घटना आज तक नहीं घटी होगी, जहां पुलिस के संरक्षण में एक साजिश के तहत, दिल्ली के मौजूदा उपमुख्यमंत्री के घर में घुसकर उनके परिवार पर जानलेवा हमला किया गया हो। विरोध प्रदर्शन पहले भी होते रहे, नेताओं के कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन होते हैं और जब कभी नेता घर पर मौजूद होते हैं तो घर पर भी प्रदर्शन होते हैं, परंतु इस प्रकार नेता की गैरमौजूदगी में उनके घर का दरवाजा तोड़कर उनके घर में घुसकर परिवार के ऊपर जानलेवा हमला करने की घटना आज तक नहीं हुई होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे समय पर जब उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की दैनिक कार्यसूची के मुताबिक वह अपने कार्यालय में मौजूद थे, पुलिस को आदेश दिए गए कि उपमुख्यमंत्री के घर के पास लगे बैरीकेट्स हटा लिए जाएं और भाजपा के गुंडों को आदेश दिए गए कि उपमुख्यमंत्री के घर में घुसकर उनके परिवार पर हमला किया जाए, उनके घर में तोड़फोड़ की जाए। उन्होंने कहा कि अब प्रश्न यह उठता है कि आखिर वह कौन व्यक्ति है जो इस साजिश के पीछे हैं, जो कि भाजपा के गुंडों को भी आदेश देता है और दिल्ली की पुलिस को भी आदेश देता है। प्रश्न का जवाब देते हुए आतिशी ने कहा कि वह केवल और केवल एक व्यक्ति हैं और वह हैं इस देश के गृहमंत्री अमित शाह।
उन्होंने कहा, क्योंकि दिल्ली की पुलिस सीधे तौर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी के अधीन आती है और भाजपा के एक बड़े नेता होने के नाते भाजपा के तमाम कार्यकर्ता भी उनके इशारे पर काम करते हैं। अमित शाह जी ने ही अपने गुंडों को भेज कर पुलिस के संरक्षण में उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पर हमला करवाया। मीडिया के माध्यम से प्रश्न पूछते हुए आतिशी ने कहा, क्या केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जी के परिवार को मरवाना चाहते हैं? क्या यह आम आदमी पार्टी से बदला लेने के लिए करवाया गया है? क्योंकि 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी आम आदमी पार्टी से बुरी तरह से हार गई? क्या यह हमला इसलिए करवाया गया है कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री पर हमले करवा कर देख लिए, जबानी हमले करके देख लिए, गाली गलौंज और बदतमीजी कर के देख ली, परंतु इन सब के बावजूद भी दिल्ली की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को बुरी तरह से हराया और दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी को एक बार फिर से भारी बहुमत के साथ दिल्ली का मुख्यमंत्री और मनीष सिसोदिया जी को दिल्ली का उप मुख्यमंत्री बनाया?
दिल्ली नगर निगम को लेकर एक बड़ा दावा करते हुए आतिशी ने कहा कि पिछले 15 सालों में भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली नगर निगम की जो हालत कर दी है, उसको लेकर दिल्ली की जनता में बेहद ही गुस्सा है और भाजपा नेता व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी जो भाजपा के मास्टर माइंड कहे जाते हैं, उन्हें भी इस बात का अंदेशा हो गया है कि इस बार निगम के चुनावों में भाजपा की हालत वही होने वाली है, जो दिल्ली विधानसभा 2020 के चुनावों में भाजपा की हालत हुई है और यह हमले उसी बौखलाहट का नतीजा है। उन्होंने कहा कि अभी 2 दिन पहले मुख्यमंत्री के घर पर भाजपा के कुछ लोगों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और दिल्ली पुलिस की सहायता से मुख्यमंत्री को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। वहां पर भी दिल्ली पुलिस की मिलीभगत साफ दिखाई दी। दिल्ली की पुलिस भाजपा के उन 10 लोगों को तो मुख्यमंत्री के दरवाजे तक जाने से नहीं रोक पाई, परंतु आम आदमी पार्टी के लगभग 400 लोगों को रोकने की क्षमता दिल्ली पुलिस के अंदर आ गई। कार्यकर्ता तो छोड़िए, आम आदमी पार्टी के विधायक और कैबिनेट मंत्री तक को मुख्यमंत्री के घर में जाने की इजाजत नहीं दी गई। आम आदमी पार्टी के एक विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी के साथ तो पुलिस ने इतनी बर्बरता पूर्ण व्यवहार और मारपीट की कि वे बेहोश हो गए। आज उपमुख्यमंत्री के घर पर हुआ हमला भी इसी श्रंखला की एक कड़ी है। जब भाजपा को पता था कि उपमुख्यमंत्री घर पर नहीं हैं, तो उनकी गैर मौजूदगी में पुलिस के संरक्षण में एक साजिश के तहत भाजपा ने अपने गुंडों को उनके घर पर भेज कर हमला करवाया और उनकी बीवी और बच्चे को जान से मारने की साजिश रची गई।
गृह मंत्री अमित शाह जी पर बड़ा आरोप लगाते हुए आतिशी ने पूछा कि क्या अब भाजपा के बड़े नेता और इस देश के गृहमंत्री अमित शाह जी इतने नीचे गिर गए हैं कि दिल्ली के चुने हुए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के घर पर हमला करवा कर उनके परिवारों को मरवाना चाहते हैं? उन्होंने कहा क्योंकि एक तरफ तो अमित शाह जी के पास भाजपा के गुंडे हैं और दूसरी तरफ दिल्ली की पुलिस है। प्रेस वार्ता में दिखाए गए वीडियो का हवाला देते हुए आतिशी ने कहा कि इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस प्रकार से भाजपा के गुंडे उपमुख्यमंत्री के घर की ओर बढ़ रहे हैं और दिल्ली पुलिस उनके पीछे-पीछे टहलते हुए आ रही है। इसी वीडियो में अन्य घटना का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वीडियो में साफ तौर से देखा जा सकता है कि जब यह गुंडे उप मुख्यमंत्री के घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे तो दिल्ली पुलिस के सभी लोग साइड हो गए और उनको घर में जाने की अनुमति दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज की यह घटना दिल्ली के राजनीतिक इतिहास में एक काला दिन है। सभी राजनीतिक पार्टियों के आपसी मतभेद होते हैं। सभी राजनीतिक पार्टियां एक दूसरे की नीतियों पर प्रश्न भी उठाती हैं। एक लोकतंत्र के लिए ऐसा होना जरूरी भी है। परंतु राजनीतिक मतभेदों के चलते आज जो अमित शाह जी ने अपने गुंडों को भेजकर उपमुख्यमंत्री के घर पर हमला करवाया है, यह राजनीतिक इतिहास में काले दिन के रूप में जाना जाएगा। आतिशी ने कहा कि आज यह जो घटना हुई है, यह इस बात को सत्यापित करती है कि पूर्व में भी जो आम आदमी पार्टी के नेताओं पर और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी पर हमले हुए थे वह सभी अमित शाह जी द्वारा करवाए गए थे। दिल्ली की जनता इन सभी घटनाओं पर बारीकी से मंथन कर रही है और दिल्ली की जनता भाजपा का असली चाल चरित्र समझ चुकी है। जिस प्रकार से दिल्ली की जनता ने 2020 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को बुरी तरह से हराया था, आने वाले निगम के चुनाव में भी दिल्ली की जनता भाजपा को बुरी तरह से हराएगी और एक सबक सिखाएगी।
ताज़ातरीन ख़बरें पढ़ने के लिए आप वतन समाचार की वेबसाइट पर जा सक हैं :
https://www.watansamachar.com/
उर्दू ख़बरों के लिए वतन समाचार उर्दू पर लॉगिन करें :
http://urdu.watansamachar.com/
हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करना न भूलें :
https://www.youtube.com/c/WatanSamachar
ज़माने के साथ चलिए, अब पाइए लेटेस्ट ख़बरें और वीडियो अपने फ़ोन पर :
आप हमसे सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं- ट्विटर :
https://twitter.com/WatanSamachar?s=20
फ़ेसबुक :
यदि आपको यह रिपोर्ट पसंद आई हो तो आप इसे आगे शेयर करें। हमारी पत्रकारिता को आपके सहयोग की जरूरत है, ताकि हम बिना रुके बिना थके, बिना झुके संवैधानिक मूल्यों को आप तक पहुंचाते रहें।
Support Watan Samachar
100 300 500 2100 Donate now
Enter your email address to subscribe and receive notifications of latest News by email.