भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज गुजरात के व्यारा (तापी), बारदोली एवं मरोली (सूरत) और गणदेवी (नवसारी) में आयोजित विशाल जनसभाओं को संबोधित किया और राज्य की जनता से गुजरात में विकास की गति बनाए रखने एवं इसे और तेज करने के लिए 150 से अधिक सीटों पर विजय के साथ एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता ने राज्य में एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का मन बना लिया है और वह गुजरात का अपमान करने वाली और राज्य के विकास में बाधा डालने वाली कांग्रेस को इस विधानसभा में सजा देने का काम करेगी।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मैं राज्य के कोने-कोने से जनता-जनार्दन से मिल रहे अपार प्यार और आशीर्वाद देख कर विश्वास के साथ कह सकता हूँ कि यहाँ फिर से कमल खिलने वाला है। उन्होंने कहा कि 2017 का गुजरात विधानसभा चुनाव गुजरात के भविष्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गुजरात में दो कालखंड के राजनैतिक इतिहास का विश्लेषण करने की जरूरत है - एक 1995 के पहले कांग्रेस के शासन का कालखंड और दूसरा 1995 के बाद से अब तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार का। उन्होंने कहा कि गुजरात के हर क्षेत्र में हर तबके तक सर्वांगीण विकास का श्रेय तब के गुजरात के मुख्यमंत्री और वर्तमान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र भाई मोदी को जाता है।
कांग्रस पर करारा प्रहार करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस ने बरसों तक जातिवाद के नाम पर गुजरात में शासन किया है और आज भी वह जातिवाद की राजनीति के सहारे ही गुजरात का विधानसभा चुनाव लड़ रही है जबकि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास' की नीति के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाई-भाई में और जाति-जाति में झगड़े लगा कर विकास की जगह जातिवाद और वंशवाद का मॉडल गुजरात में लाना चाहती है। उन्होंने कहा कि यह गुजरात की जनता को तय करना है कि गुजरात में विकास को ख़त्म करने वाली सरकार चाहिए या फिर विकास के बल पर जनता का आशीर्वाद मांगने निकली भारतीय जनता पार्टी की सरकार चाहिए।